लखनऊ (मानवीय सोच) सरिया निर्माण और रीयल एस्टेट कारोबार से जुड़े गैलेंट ग्रुप के पांच राज्यों के 60 ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे की कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रही। बीते दो दिन में हुई छानबीन में आयकर विभाग ने 500 करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी के पुख्ता प्रमाण जुटाए हैं। साथ ही,
छह करोड़ रुपये नगद और 10 करोड़ रुपये कीमत के सोने-हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं। इन ठिकानों से अब तक 250 से ज्यादा संपत्तियों के दस्तावेज भी आयकर विभाग के हाथ लगे हैं। अधिकारियों की मानें तो इन संपत्तियों की खरीद में बड़े पैमाने पर नगदी का इस्तेमलाल किया गया है।
आयकर विभाग ने बुधवार को यूपी, बिहार, दिल्ली, गुजरात और पश्चिम बंगाल में गैलेंट ग्रुप के 60 ठिकानों पर छापा मारा था। लखनऊ में गैलेंट ग्रुप के पार्टनर शुभम अग्रवाल के महानगर स्थित शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट के फ्लैट को भी खंगाला गया था। बीते 36 घंटों से जारी इन छापों में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के प्रमाण मिलते जा रहे हैं।
