आजमगढ़ (मानवीय सोच) नगर निकाय चुनाव के तहत भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शहर के श्रीकृष्ण पाठशाला इंटर कालेज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सीएम का उड़न खटोला निर्धारित समय से लगभग एक घंटे देर से हेलेपैड पर उतरा।
मंच से संबोधन शुरू करते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है। जिसके चलते देश व प्रदेश का विकास दो गुनी रफ्तार में हो रहा है। वहीं अब इस डबल इंजन की सरकार में तीसरा इंजन भी जुड़ जाए तो विकास की रफ्तार तीन गुनी से पांच गुनी तक हो जाएगी। उन्होंने जनपद की धरती को नमन करते हुए कहा कि हमारा आजमगढ़ दुनिया के अंदर कभी अपने ओज व तेज के लिए जाना जाता था। देश की आजादी में भी इस जिले का अहम योगदान रहा है।
आजादी के बाद जिन भी लोगों के हाथो में सत्ता आयी, उन लोगों ने इस जिले व यहां के लोगों का सिर्फ दोहन किया। युवाओं के हाथों में तमंचा पकड़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि एक वक्त ऐसा भी आया जब यहां के लोगों के माथे पर पहचान का संकट खड़ा हो गया।
