प्रयागराज (मानवीय सोच) न्यायिक आयोग की जांच के क्रम में शनिवार को एक और कार्रवाई हुई। उमेश पाल हत्याकांड में शामिल ड्राइवर अरबाज व शूटर उस्मान के एनकाउंटरों के दृश्यों को लखनऊ से आई फोरेंसिक टीम ने धूमनगंज के नेहरू पार्क और कौंधियारा के गोंठी गांव स्थित घटनास्थल पर दोहराया।
इस दौरान वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के जरिए दोनों घटनाओं से संबंधित अहम जानकारियां रिकॉर्ड की गईं। तीन सदस्यीय फोरेंसिक टीम दोपहर करीब एक बजे धूमनगंज के नेहरू पार्क पहुंची, जहां घटना के दृश्यों को दोहराया गया।
घटनाक्रम के मुताबिक, दो लोगों को ड्राइवर अरबाज व उसका दोस्त बताकर एक बाइक पर बैठाया गया। नीवा पसियान की ओर से नेहरू पार्क तिराहे पर आते ही उन्होंने बाइक नेहरू मूर्ति की ओर मोड़ी। टीम के पीछा करने पर भागने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होने पर दोनों नीचे गिरे।
इसके बाद एक दाहिनी ओर झाड़ियों में भागा जबकि दूसरा खंडहर में छिपकर फायरिंग करने लगा। इसी दौरान जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया। इस दौरान वह सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे जो एनकाउंटर में शामिल थे। इनमें एसओजी के साथ ही धूमनगंज पुलिस की टीम भी मौजूद रही। यह कार्रवाई दोपहर तीन बजे तक चली।
