गोंडा (मानवीय सोच) पहलवानों के आरोपों के समर्थन में जाट समुदाय और खाप पंचायतों के उतरने से दबाव में आए भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी बात रखी। बृजभूषण ने कहा- जो पहलवान धरना दे रहे हैं, हमने हमेशा उनका साथ दिया। देश की कुश्ती के लिए अपना सब कुछ लुटा दिया। अपनी जेब से 30 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
विदेश से मेडल लाने वाले पहलवानों को मैं अपने पास से डॉलर देता था। जो विरोध कर रहे हैं उन सभी लोगों ने मेरे हाथों से डॉलर लिए हैं। यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण ने कविताओं के माध्यम से इशारों-इशारों में काफी कुछ कहा। वह बोले- बात ऐसी करो, जिसका आधार हो…।
चाचा-ताऊ को संबोधित कर कहा- यह लड़ाई मैं आपके बच्चों (जूनियर पहलवानों) के लिए लड़ रहा हूं। जो बच्चे ओलंपिक का सपना लेकर तैयारी कर रहे हैं। जो परिवार पहलवान को तैयार करने के लिए अपना पेट काटकर व्यवस्था करते हैं, यह लड़ाई उनके हक की है।
