गोरखपुर (मानवीय सोच) नई महायोजना 2031 के वजूद में आने से पहले ही प्लाटिंग कर बसाई गईं सभी 73 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त होंगी। इन कॉलोनियों में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से बुलडोजर चलाया जाएगा। महायोजना लागू होने के बाद भू-प्रयोग के मुताबिक कंपाउंडिंग कराकर जो कालोनाइजर, अपनी कॉलोनियों का ले-आउट स्वीकृत कराने के लिए राजी होंगे, उन्हें राहत दी जाएगी। बाकी पर सख्ती बरकरार रहेगी।
अनियोजित विकास रोकने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्राधिकरण ने दिसंबर 2022 में सर्वे कराकर प्लाटिंग कर बसाई जा रही 26 अवैध कॉलोनियां चिह्नित की थीं। सर्वे में ड्रोन की भी मदद ली गई थी ताकि इन कॉलोनियों का क्षेत्रफल समेत कई अन्य वास्तविक आंकड़े सामने आ सकें। इन कॉलोनियों पर कार्रवाई शुरू करने के साथ ही प्राधिकरण ने सर्वे का सिलसिला भी आगे बढ़ाया।
वर्तमान में प्राधिकरण 73 ऐसी अवैध कॉलोनियां चिह्नित कर चुका है। ये सभी वे कॉलोनियां हैं, जहां आबादी नहीं विकसित हो सकी है। सिर्फ कॉलोनी का मुख्य द्वार और बाउंड्रीवाल कराकर भीतर प्लाटिंग काटी गई है। प्लाट के क्षेत्रफल की पहचान के लिए तीन से चार फीट की बाउंड्रीवाल चलाई गई है।
