लखनऊ (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव निर्वाचित सात महापौर से मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। सीएम योगी ने सभी महापौरों को जीत की शुभकामनाएं दीं। साथ ही पीएम मोदी के विजन ‘आत्मनिर्भर भारत’ की तर्ज पर अपने-अपने नगर निगमों को भी आत्मनिर्भर बनाने का सुझाव दिया। सीएम योगी ने नगर निगमों की आय बढ़ाने से लेकर क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के साथ ही जनप्रतिनिधियों के समर्थन के साथ सभी मेयरों को नगर निगमों की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
नवनिर्वाचित उपस्थित महापौर ने जीत का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। सीएम ने कहा कि विकास ही सफलता का माध्यम है। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है। विकास के जरिये आप परिवर्तन लाइये। आप सभी कार्यों में मानक और गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखें। सीएम ने कहा कि प्राथमिकता बनाकर कार्य करें, जिससे हर वार्ड का समुचित विकास होगा। सीएम ने सीएसआर के पैसे से जनता से जुड़े कई बेहतर कार्य करने के भी निर्देश दिए।
