वाराणसी : (मानवीय सोच) बाबा विश्वनाथ धाम के करीब एक रेस्टोरेंट में सुअर का मांस परोसने को लेकर काशी में हड़कंप की स्थिति रही। सोशल मीडिया पर दशाश्वमेध थाना अंतर्गत हाथी फटक के पास एक रेस्टोरेंट का मेनू बड़ी तेजी से वायरल हुआ। इस मेनू की शिकायत को लेकर कुछ लोग एडिशनल सीपी संतोष सिंह के पास पहुंचे।
शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम हाथी फाटक स्थित सुशी रेस्टोरेंट पहुंची और होटल संचालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर दशाश्वमेध थाना ले आई। साथ ही मौके पर मौजूद सभी खाद्य पदार्थों को पुलिस की निगरानी में रखवा कर खाद्य विभाग की टीम को बुलवा लिया।
मेनू में दर्ज है पोर्क से जुड़ी डिश
शिकायत मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडे पुलिस टीम के साथ हाथी फाटक स्थित सुशी रेस्टोरेंट पहुंचे। मौके पर एसीपी ने वहां पर रखे मेनू कार्ड और खाना बनाने वाली सामग्री को कब्जे में लिया। पुलिस ने खाद्य विभाग की टीम को सूचना देकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने के लिए सूचित किया।
