लखनऊ : (मानवीय सोच) राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शुक्रवार को राजभवन में कृष्णा कॉलेज, बिजनौर के विद्यार्थियों ने मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यपाल ने शिक्षा को रोजगार से न जोड़ने और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग्यता नौकरी की तलाश नहीं करती। योग्य और हुनरमंद लोग अपना खुद का काम करके आत्मनिर्भर बनते हैं।
उन्होंने बच्चों के समग्र विकास में परिवार से मिले प्रारंभिक ज्ञान और सही पोषण को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि सही संस्कार, कार्य क्षेत्र के प्रति सम्मान और दायित्वों के प्रति समर्पण के साथ कार्य निर्वहन की आदत बचपन से परिवार से ही विकसित होती है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में गर्भाधान संस्कार की शिक्षा जोड़ने को भी आवश्यक बताया। राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक परिसर से बाहर ज्यादा से ज्यादा गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
