पीलीभीत : (मानवीय सोच) माधोटांडा मार्ग पर शुक्रवार को एक बार फिर हादसा हो गया। सिद्ध बाबा के करीब अज्ञात वाहन की टक्कर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और मासूम बच्चा गंभीर घायल हो गए। तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे, लेकिन राहगीर मदद की बजाय तमाशबीन बने रहे।
इसी बीच वहां से गुजर रहीं कलीनगर की एसडीएम ने सड़क पर पड़े घायलों को देख गाड़ी रुकवाई। उन्होंने आनन-फानन घायलों को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वह एक राहगीर के बाइक पर बैठकर गईं। जिला अस्पताल में दंपती और मासूम को भर्ती कराया गया। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है।
पांच दिन पहले भी हुआ था हादसा
माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर एक माह पूर्व से मरम्मत कार्य चल रहा है। खस्ताहाल होने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। पांच दिन पूर्व इसी जगह पर हादसा हुआ था। इस हादसे में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के गाइड और सफारी वाहन चालक की मौत हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे जंगल क्षेत्र में सिद्ध बाबा के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती और मासूम गंभीर घायल हो गए।
