लखनऊ : (मानवीय सोच) भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में पिछड़ों की तरक्की के लिए जो काम मोदी सरकार ने बीते 9 वर्षों में किए वे अभूतपूर्व हैं। उन्होंने पिछड़ा वर्ग का आह्वान किया कि वह पूरी एकजुटता दिखाकर 2024 के लोक सभा चुनाव में मोदी सरकार को दो तिहाई बहुमत से जिताए ताकि देश में समान नागरिक संहिता लागू हो सके।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे गैर भाजपा शासित राज्यों में पिछड़ा वर्ग का हक ओबीसी मुस्लिम मार रहे हैं। वह मंगलवार को लोक निर्माण मुख्यालय के विश्वेश्वरैया सभागार में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से आयोजित धन्यवाद मोदी जी सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा और वामपंथी दलों ने पिछड़ों को हमेशा वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया लेकिन उनकी वास्तविक तरक्की का रास्ता मोदी सरकार ने ही साफ किया। मोदी सरकार ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया।
