गोरखपुर : (मानवीय सोच) होटल, गेस्ट हाउस या हॉस्टल में पंखे से लटककर खुदकुशी की कोशिश करने पर उसके संचालक तक इसका मैसेज पहुंच जाएगा। इससे समय रहते आवश्यक कदम उठाया जा सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा के बीटेक कंप्यूटर साइंस के छात्रों ने ऐसा डिवाइस तैयार किया है।
आईटीएम प्रशासन के मुताबिक बीटेक कंप्यूटर साइंस प्रथम वर्ष के चार छात्रों अविनाश वरुण, अनुराग पांडेय, अनुप्राश गौतम, आदित्य चौधरी ने मिलकर स्मार्ट वायरलैस एंटी-सुसाइड सीलिंग फैन रॉड का आविष्कार किया है। यह स्मार्ट एंटी सुसाइड फैन रॉड वायरलैस टेक्नोलॉजी से लैस है।
यदि कोई व्यक्ति किसी होटल, गेस्ट हाउस या हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटक कर खुदकुशी की कोशिश करेगा तो रूम नंबर के साथ घटना की जानकारी होटल मैनेजर, हॉस्टल के वार्डन, गेस्ट हाउस संचालक तक अलार्म इंडिकेटर लाइट के माध्यम से पहुंच जाएगा। इससे समय रहते कमरे में पहुंचकर व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।
