लखनऊ : (मानवीय सोच) बारिश ने लोगों को गर्मी और उसम से तो राहत दी पर इसके साथ ही सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। शहर में कई जगहों पर सड़क धंसने से लोग शंकित हैं। बुधवार सुबह बारिश के दौरान लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोला गंज के निकट राकेट लांड्री के पीछे सड़क धंस गई जिससे वहां आसपास बने घरों के भी धंसने का खतरा बढ़ गया है।
आरोप है कि स्थानीय लोगों ने नगर निगम को सूचना देने का प्रयास किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। आसपास घरों के लोग दशहत में हैं। मंगलवार को भी गोलागंज में सुबह सड़क धंस गई थी जिसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार फंस गई थी। इसके पहले मंगलवार को सावन का स्वागत मानसूनी बारिश ने किया। मंगलवार को प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हुई और दिन भर बादल छाए रहे। कहीं बरसे तो कहीं रिमझिम फुहारों के बाद थम गए।
बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सोमवार के 34.3 के मुकाबले मंगलवार को 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
