काशी से मिशन 2024 का शंखनाद करेंगे पीएम मोदी

वाराणसी : (मानवीय सोच) जीत की राह सुलभ करने वाले पूर्वांचल के जरिये उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सावन माह की चतुर्थी को मिशन-2024 का शंखनाद करेंगे। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के बाद सात जुलाई को काशी में पीएम मोदी प्रदेश की पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। काशी को हजारों करोड़ रुपये की सौगात के साथ नौ साल में विश्व पटल पर नए कलेवर में उभरी काशी के विकास मॉडल को भी देश के सामने रखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरु गोरक्षनाथ की धरती से सात जुलाई की शाम को अपने संसदीय क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचेंगे। काशी में गोधूली बेला में पीएम मोदी अपनी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच होंगे। वाराणसी में पिछले नौ वर्षो में करीब 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं काशी की खूबसूरती में चार चांद लगा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *