अयोध्या : (मानवीय सोच) रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा आधुनिक तकनीक से लैस होगी। सुरक्षा का ऐसा खाका खींचा जा रहा है जिससे रामलला के भक्तों को असुविधा न हो। रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा का नया प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी शासन की ओर से सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक बल) को सौंपी गई थी।
सीआईएसएफ ने नए सिरे से तैयार सुरक्षा प्लान को शासन के समक्ष प्रस्तुत किया था, जिसे मंजूरी मिल गयी है। जिसके बाद बुधवार को सीआईएसएफ के अधिकारियों ने अयोध्या पहुंचकर रामजन्मभूमि परिसर का निरीक्षण किया।
सीआईएसएफ के डीजी शीलवर्धन व डीआईजी सुमंत सिंह ने आईजीजोन पीयूष मोर्डिया के साथ निर्माणाधीन रामजन्मभूमि पथ व रामजन्मभूमि परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सुरक्षा एजेंसियों के साथ परिसर में ही बैठक की गई। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार सीआईएसएफ के सुरक्षा प्लान को शासन से मंजूरी मिल गई है।
