लखनऊ : (मानवीय सोच) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गोरखपुर और वाराणसी से पूर्वांचल की 27 लोकसभा सीटों को साधेंगे। मोदी पूर्वांचल को हजारों करोड़ रुपये की सौगात देंगे और चुनावी अभियान का आगाज भी करेंगे। मोदी के दौरे के साथ ही प्रदेश की योगी सरकार और भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में आ जाएंगे।
अगस्त से प्रदेश में क्षेत्रवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के दिग्गज नेताओं के चुनावी दौरे शुरू हो जाएंगे।
पूर्वांचल में संगठनात्मक रूप से भाजपा ने 27 लोकसभा क्षेत्रों को काशी और गोरखपुर क्षेत्र में बांटा है। काशी क्षेत्र का केंद्र वाराणसी और गोरखपुर क्षेत्र का केंद्र गोरखपुर ही है। काशी क्षेत्र की 14 लोकसभा सीटों में से भाजपा के पास 12 सीटें हैं जबकि गोरखपुर क्षेत्र की 13 में से दस लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। दोनों क्षेत्रों की अंबेडकर नगर, गाजीपुर, घोसी, जौनपुर और लालगंज सीट पर बसपा काबिज है।
