लखनऊ : (मानवीय सोच) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपाराज में किसी की भी जिंदगी सुरक्षित नहीं है. अपराधी खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे है. हर रोज हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं घट रही है. मुख्यमंत्री जी के अनुसार तो अपराधी या तो जेल में या राज्य के बाहर भाग गए है. फिर आखिर आपराधिक घटनाएं कौन और कैसे कर रहा है? जनता को धोखा कौन दे रहा है?
सपा प्रमुख ने कहा, “बीजेपी राज में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने की कहानी यह है कि राजधानी लखनऊ के इन्दिरानगर में विद्युत उपकेन्द्र में दिनदहाड़े तमंचा लगाकर लूट हो गई. लुटेरे फरार है. झांसी जनपद में सब्जी विक्रेता को लाठी डंडो से पीटकर टमाटर की लूट हो गई. सोने-चांदी या रुपयों की लूट की जगह दबंग अब टमाटर भी लूटने लगे हैं. मेरठ के सरधना की पुलिस चौकी से ही पुलिसकर्मी की बाइक चोर चुरा ले गए.”
