लखनऊ : (मानवीय सोच) गोमतीनगर के लोहिया पार्क चौराहे पर बेकाबू रोडवेज बस ने सामने चल रही कार को टक्कर मार दी। फिर एक के बाद एक चार गाड़ियों को टक्कर लगी। हादसा होते ही कार सवारों व बस चालक के बीच कहासुनी होने लगी। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौका देखकर बस चालक व परिचालक भाग निकले।
हादसा होने के बाद चौराहे पर काफी देर तक जाम लगा रहा। हादसे की सूचना पर पुलिस ने बस को रास्ते से हटाया। वहीं कार सवारों को थाने पहुंचकर तहरीर देने की बात कही। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी।
कैसरबाग डिपो की बस सवारियां लेकर गोंडा जा रही थी। रोडवेज बस लोहिया चौराहे पर पहुंची। इसी बीच वहां रेड सिग्नल हो गया। सामने चल रही गाड़ियों ने ब्रेक लगाया तो राेडवेज बस चालक ने भी ब्रेक मार दिया। लेकिन ब्रेक सही से काम न करने के कारण आगे चल रही इंडीवर कार को टक्कर मार दी। कार सवार वकील सिविल कोर्ट से हाईकोर्ट काम से जा रहे थे। अचानक पीछे से टक्कर लगते ही सामने एक अन्य कार से इंडीवर टकराई।
