लखनऊ : (मानवीय सोच) होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे पर कार्रवाई करने के लिए शासन ने जांच रिपोर्ट का परीक्षण शुरू कर दिया है। अपर मुख्य सचिव होमगार्ड्स अनिल कुमार ने कहा कि रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद निलंबन करने और विभागीय जांच शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि डीआईजी होमगार्ड संतोष कुमार ने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट डीजी बीके मौर्य को सौंपी थी। डीजी ने अपनी संस्तुतियों के साथ इसे शासन भेज दिया था। रिपोर्ट में महोबा में तैनात कमांडेंट मनीष दुबे को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने और मुकदमा दर्ज करने की सिफारिश की गई है।
इस प्रकरण की जांच कर रहे डीआईजी संतोष कुमार को ज्योति मौर्य के पति आलोक मौर्या ने कुछ कॉल रिकॉर्डिंग दी थी। इनमें से एक रिकॉर्डिंग में ज्योति और मनीष आपस में आलोक को रास्ते से हटाने, ठिकाने लगाने, कहानी खत्म करने… जैसे शब्द बोलते पाए गए हैं। जब मनीष से इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने कहा कि वे आलोक से तलाक लेने की बात कह रहे थे।
