लखनऊ : (मानवीय सोच) बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में झमाझम हुई। लखनऊ में दोपहर 12 बजे के बाद दिन में अंधेरा छा गया। करीब 1 घंटे तेज बारिश हुई। वहीं लखनऊ नगर निगम की टीम बारिश को देखते हुए शहर में जर्जर हो चुके भवनों को बुलडोजर को गिरा रही है।
सहारनपुर में बारिश से बाढ़ आ गई है। ढमोला और पांवधोई नदी का पानी 40 कॉलोनियों तक पहुंच गया है। 50 हजार लोग प्रभावित हैं। 2 हजार लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है। 45 गांव भी बाढ़ की जद में हैं।
वहीं, मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर हर घंटे करीब 2 सेंटीमीटर बढ़ रहा है। कानपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद कटरी इलाके को खाली करा दिया गया है। लोगों को बाढ़ राहत कैंप में भेजा गया है।मुरादाबाद में बारिश से रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त होने की वजह से ट्रेनें रोक दी गई हैं। सीनियर डीसीएम ने कहा, “आज सुबह 4 बजे से रेलवे की टीमें ट्रैक की मरम्मत कर रही है। जल्द ही यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा।”
