लखनऊ : (मानवीय सोच) पावर कॉर्पोरेशन अपने उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का झटका देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सभी बिजली कंपनियां प्रस्ताव तैयार कर रही है। इस बार 15 अगस्त से पहले यह प्रस्ताव फाइल कर दिया जाएगा।
इसमें नियामक आयोग के सामने कंपनियां बिजली बिल बढ़ोतरी को लेकर प्रस्ताव बनाएंगी। पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक वाणिज्य ने सभी बिजली कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रस्ताव जून 2023 के बढ़ोतरी, डिमांड और सप्लाई के हिसाब से भेजा जाएगा। यूपी में बिजली के 3 करोड़ 28 लाख उपभोक्ता है।
काफी सालों बाद ऐसा होने जा रहा है कि बिजली बिल बढ़ोतरी का प्रस्ताव कंपनियां अगस्त के महीने में ही फाइल कर रही हैं। आमतौर पर पहले यह प्रस्ताव दिसंबर या जनवरी के महीने में दिया जाता रहा है। हालांकि इस बार जनवरी में दिया गया प्रस्ताव खारिज हो गया था।
इसके खिलाफ कंपनियां पहले ही दिल्ली के आयोग में प्रत्यावेदन दे चुकी हैं। ऐसे में अब आयोग में एक और प्रस्ताव लाने का मतलब है कि बिजली बिल बढ़ाने को लेकर शासन स्तर पर भी तैयारी तेज कर दी गई है।
