(मानवीय सोच) चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ ने टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और चैट जीपीटी जैसे सॉफ्टवेयर ने जिंदगी को आसान बना दिया है. आज इन सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल चुटकुले बनाने से लेकर कोडिंग और यहां तक की कानूनी विषयों को लिखने के लिए भी हो रहा है. उन्होंने आईआईटी मद्रास के 60वें दीक्षांत समारोह में टक्नोलॉजी और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर यह बात कही.
उन्होंने कहा, “आज आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) ऐसा शब्द है जो हर किसी की जुबान पर है. इसके माध्यम से कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की क्षमता बढ़ाने में मदद मिली है. इसके साथ ही चैट जीपीटी साफ्टवेयर का उपयोग भी बढ़ा है चुटकुले बनाने से लेकर कोडिंग करने और कानूनी विषयों को लिखने तक में इसका इस्तेमाल देखा जा रहा है.”
उन्होंने यह भी बताया कि सुप्रीम कोर्ट में भी कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग (सीधे प्रसारण) के लिए पायलट आधार पर एआई का उपयोग किया जा रहा है. सीजेआई ने कहा कि जब हम भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं तो हमें यह देखना चाहिए कि साइंस और टेक्नोलॉजी किस प्रकार से मानव विकास में मदद कर सकते हैं.
