आगरा : (मानवीय सोच) मेडिकल परीक्षा की कॉपियां बदलने के मामले को लेकर ईडी की पूछताछ में कई नए तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि परीक्षा कराने वाली एजेंसी डिजिटेक्स्ट टेक्नोलॉजी का संचालक डेविड मारियो डेनिस इस मामले का खुलासा होने के बाद विश्वविद्यालय के अधिकारियों को खुद को क्लीन चिट दिलाने का दबाव बना रहा था। वह एजेंसी के खिलाफ एफआईआर होने पर विश्वविद्यालय में चल रहे कमीशनखोरी के खेल का पर्दाफाश करने की धमकी दे रहा था।
बता दें कि ईडी ने इस मामले में मनी लांड्रिंग का केस दर्ज करने के बाद डेविड मारिया डेनिस, छात्र नेता राहुल पाराशर और टेंपो चालक देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। तीनों को सात दिन की कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है। ईडी ने इस प्रकरण में विश्वविद्यालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि डेविड मारियो कई सालों से विश्वविद्यालय के अधिकतर काम कर रहा था। उसका दबदबा होने की वजह से किसी भी दूसरी एजेंसी को काम नहीं मिलता था।
