(मानवीय सोच) एटीएस ने रोहिंग्याओं के खिलाफ सोमवार को बड़ा अभियान चलाया. इस अभियान में यूपी एटीएस ने कुल 74 रोहिंग्याओं को छह जिलों से गिरफ्तार किया है. इस दौरान सबसे अधिक 31 रोहिंग्या मथुरा से धरे गए हैं. इस मामले को लेकर यूपी एटीएस ने प्रेस रिलीज कर बताया कि उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक महोदय उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार, एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से आवासित रोहिंग्याओं के विरूद्ध अभियान चलाया गया.
एटीएस ने कहा कि टीम को सूचना प्राप्त हो रही थी कि अवैध रूप से सीमा पार करके उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रोहिंग्या आवासित हो रहे हैं. उक्त सूचना को जिला पुलिस और एटीएस की फील्ड यूनिटों द्वारा सत्यापित कराया गया, जिसके क्रम में 24 जुलाई को एटीएस द्वारा जनपदीय पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से आवासित रोहिंग्याओं के विरूद्ध अभियान चलाकर अवैध रूप से आवासित कुल 74 रोहिंग्या गिरफ्तार किए गए.
