लखनऊ : (मानवीय सोच) विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लेने के लिए डैशबोर्ड और सीएम कमांड सेंटर का उद्घाटन रविवार को सीएम योगी ने किया। लखनऊ के शास्त्री भवन एनेक्सी में उद्घाटन समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा और अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौजूद रहे।
डैशबोर्ड से 53 विभागों की योजनाओं को किया गया रजिस्टर्ड
सीएम कमांड सेंटर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की भी सुविधा मिलेगी। सीएम डैशबोर्ड में कुल 53 विभागों की 588 योजनाएं और परियोजनाएं रजिस्टर्ड की गई हैं। अब डैशबोर्ड के जरिए विभिन्न योजनाओं के रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लेने के साथ ही उनके प्रोजेक्ट के प्रदर्शन के अनुसार मासिक रैंकिंग और ग्रेडिंग भी दी जाएगी।
सीएम योगी ने रविवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनएक्सी) में मुख्यमंत्री कमांड सेंटर का उद्घाटन और सीएम डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमांड सेंटर और डैशबोर्ड बनाने का उद्देश्य डाटा कैप्चर करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी लाना है। साथ ही इसका मुख्य ध्येय आम जनमानस की समस्या का समयबद्ध तरीके से समाधान करना है।
