# बाहुबली धनंजय की पत्नी के करीबियों को मिल रहे टेंडर’: निषाद पार्टी के MLA ने लगाए आरोप

लखनऊ  : (मानवीय सोच)  यूपी में सरकार किसी की भी हो, मगर खनन में खेल हर सरकार में होता रहा है। मायावती, अखिलेश यादव के बाद योगी सरकार में भी खनन और पर्यावरण ऐसे विभाग है। जिनके साथ तमाम विवाद और आरोप आए दिन देखने सुनने को मिलते रहते हैं। प्रदेश में पिछले 6 साल से योगी आदित्यनाथ सत्ता में हैं, मुख्यमंत्री होने के साथ ही खनन विभाग के मंत्री भी वो खुद ही हैं।

मगर, खनन विभाग के दामन पर भ्रष्टाचार के आरोप वैसे ही लग रहे हैं, जैसे पिछली सरकारों में लगते रहे हैं। अब निषाद पार्टी के MLA रमेश सिंह ने जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला रेड्डी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

जौनपुर की शाहगंज सीट से विधायक निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि जिला पंचायत में जनहित से जुडे़ सभी काम जिला पंचायत अध्यक्ष के लोगों को मिल रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया, तो महज शो केस बनकर रह गई है। बालू, गिट्‌टी, मोरंग, मिट्‌टी के सभी कामों में ठेकेदार फर्जी रवन्ना लगा रहे हैं। इससे सरकार को करोड़ों का राजस्व नुकसान हो रहा है। ये सभी काम अफसरों की मिलीभगत से ही संभव है।