# सितंबर तक दौड़ने लगेगी लखनऊ से शाहगढ़ तक इलेक्ट्रिक ट्रेन

लखीमपुर : (मानवीय सोच)  मैलानी से शाहगढ़ के बीच रेल विद्युतीकरण के लिए वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद जंगल के अंदर बाकी हिस्से में विद्युतीकरण कार्य की रफ्तार तेज हो गई है। सितंबर माह के पहले सप्ताह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर (पीसीईई) गोरखपुर विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण कर सकते हैं। उनकी क्लीन चिट मिलने के बाद सितंबर के मध्य तक शाहगढ़ तक इलेक्ट्रिक ट्रेन संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

ऐशबाग से शाहगढ़ तक आमान-परिवर्तन के साथ ही विद्युतीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। मैलानी और शाहगढ़ के बीच कुरैया हाल्ट के निकट करीब 500 मीटर रेलवे ट्रैक पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल से होकर गुजरता है। कार्यदायी संस्था आरवीएनल ने इसके लिए वन विभाग से एनओसी मांगी थी। 

महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण 

कुछ ही दिन पहले वन विभाग ने एनओसी जारी की है। अनापत्ति प्रमाण-पत्र मिलते ही आरवीएनएल ने बचे हिस्से पर काम शुरू कर दिया है। रविवार को आरवीएनएल वाराणसी के महाप्रबंधक ने मैलानी से शाहगढ़ के बीच विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में विद्युतीकरण का काम करीब-करीब पूरा पाया गया है।