आगरा : (मानवीय सोच) नगर निगम में एक और कूड़ा घोटाले की गूंज है। निगम की कार्यकारिणी बैठक में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कर रही कंपनी स्वच्छता काॅरपोरेशन को 24 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने पर सवाल खड़े किए गए हैं। कंपनी को भुगतान पूरा हो गया है, जबकि शहर के आधे घरों से ही कूड़ा लिया जा रहा है।
नगर निगम ने बंगलुरू की कंपनी स्वच्छता काॅरपोरेशन से दिसंबर, 2021 में शहर के 100 में से 94 वार्डों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का करार किया था। ताजमहल के पास के 6 वार्ड लॉयन सर्विसेज के पास हैं।
पार्षद रवि माथुर ने कार्यकारिणी में रखे अपने प्रस्ताव में कहा है कि इन 94 वार्डों में से कागजों पर स्वच्छता काॅरपोरेशन पूरे 100 फीसदी घरों से कचरा उठाने का दावा कर रही है।
उसी आधार पर भुगतान किया गया, लेकिन सफाई नहीं हो रही है। कंपनी के पास कर्मचारी है, न गाड़ियां। हथठेल और वाहन नहीं हैं। गलियों में कूड़ा कलेक्शन करके दुकानों के सामने डाल रहे हैं। सुबह 10 बजे तक ही सफाईकर्मी काम कर रहे हैं।
