लखनऊ : (मानवीय सोच) जिस पुलिस पर हमारी-आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी है। उसी पुलिस के कमिश्रर ऑफिस में एक महिला सिपाही से छेड़छाड़ हुई है। चिराग तले अंधेरे का यह मामला राजधानी लखनऊ का है। बाराबंकी से ट्रांसफर होकर लखनऊ पहुंची महिला सिपाही को पुलिस कमिश्नर के ऑफिस में आमद यानी पोस्टिंग करवानी थी। गुरुवार यानी रक्षाबंधन के दिन वह कमिश्नर ऑफिस पहुंची। त्योहार की वजह से ऑफिस में छुट्टी जैसा माहौल था।
महिला सिपाही का कहना है कि वहां तैनात पुलिस कर्मी ने उनके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया, तो मनचाही पोस्टिंग कराने का लालच दिया। फिलहाल, महिला ने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद जॉइंट सीपी कानून-व्यवस्था आकाश कुलहरी ने पूरे मामले की जांच के आदेश DCP सेंट्रल को दिए हैं।
पीड़िता ने कहा, ”जब मैंने इसका विरोध किया तो वह मनचाही पोस्टिंग दिलाने का लालच देने लगा। कहने लगा कि जहां चाहोगी, वहां पोस्टिंग दिला देंगे…बस बात मान जाओ। इसके बाद मैं वहां से चुपचाप निकल गई। दूसरे दिन शुक्रवार को कमिश्नर ऑफिस पहुंची और मामले की जानकारी बड़े बाबू को दी।”
