कानपुर : (मानवीय सोच) यूं तो महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदेश सरकार सख्त है. समय-समय पर एंटी रोमियो स्क्वायड सहित महिला सुरक्षा के लिए कई अभियान चलाए जाते हैं. मगर, कुछ पुलिस वाले ऐसे हैं जो महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार की किरकिरी करा देते हैं. ऐसा ही मामला कानपुर से सामने आया है. यहां पुलिस से मदद मांगने आई महिला के साथ दरोगा की फोन पर बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है. इसमें वो महिला से अकेले मिलने और उससे दोस्ती करने का दबाव बना रहा है
दरअसल, कानपुर में घाटमपुर क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसका पति उसे मारता-पीटता है. शादी के पहले उसकी एक लड़के से बात होती थी. कुछ समय पहले उसके पास लड़के का फोन आया और दोनों की बात शुरू हो गई. दोनों की वीडियो कॉल पर भी बात हुई इसके बाद जब लड़के ने महिला से मिलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया. इस पर उसने उसे कॉल की और वीडियो रिकॉर्डिंग पति को भेज दी. इस वजह से पति मारपीट और शक करने लगा. इससे परेशान होकर महिला ने थाने में शिकायत दी थी.
