लखनऊ : (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्ष में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि उत्तर प्रदेश में हर प्रकृति के अपराध में कमी आई है। उन्होंने कहा कि 2022 में हम कानून व्यवस्था को आधार बनाकर चुनाव के मैदान के गए थे और यह बहुत बड़ी बात है कि कानून व्यवस्था के मामले पर कोई सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ रिपीट हो जाए।
सीएम योगी सोमवार को होटल ताज में आयोजित एक समाचार पत्र के कार्यक्रम ‘यूपी राइजिंग 10 साल 10 बदलाव’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों का परसेप्शन था कि यूपी का कुछ नहीं हो सकता, यूपी नहीं सुधर सकता, यूपी एक बीमारू राज्य है जो देश को बीमार कर रहा है। पिछले साढ़े छह वर्षों में हमारी सरकार देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश के प्रति व्याप्त इस धारणा को बदलने में सफल रही।
