# गोरखपुर विश्वविद्यालय: कुलपति आवास में डंप थीं दो हजार फाइलें

गोरखपुर : (मानवीय सोच) दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति आवास में दो हजार फाइलें डंप मिलीं हैं। इनमें शिक्षकों के गोपनीय दस्तावेज, वित्त विभाग, शोध अनुमोदन, काॅलेजों की संबद्धता आदि से जुड़ी फाइलें भी हैं। फाइलों का ढेर देखकर नवागत कुलपति प्रो. पूनम टंडन अवाक रह गईं।

कुलपति ने दो दिनों में सारी फाइलें अब अपने दफ्तर में मंगवा ली हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से पड़ताल कर रिपोर्ट मांगी है और करीब 200 बड़े मामलों से जुड़ी फाइलों की जांच खुद शुरू कर दी है। चर्चा यह भी कि इन फाइलों में ऐसे भी मामले हैं जिनमें पिछले दिनों में करोड़ाें रुपये के भुगतान किए गए हैं।

गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजेश सिंह का कार्यकाल चार सितंबर को समाप्त हो गया। उनकी जगह नई कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले कुलपति आवास का निरीक्षण किया। आवास में ही बने कैंप कार्यालय में बड़ी संख्या में फाइलें रखीं मिलीं। जब कुलपति ने कर्मचारियों से इने बारे में पूछा तो पता चला कि सभी फाइलें विभिन्न विभागों से मंगाई गई हैं।