लखनऊ : (मानवीय सोच) यूपी में निपुण भारत मिशन के तहत कल से NAT यानी निपुण आंकलन परीक्षा (NAT) का आयोजन होगा। 11 से 16 सितम्बर 2023 तक चलने वाली इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा पहली से 5वीं तक के बच्चों का भाषा और गणित विषयों और कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों का गणित और विज्ञान विषयों का आंकलन किया जाएगा।
खास बात ये है कि परीक्षा ‘सरल एप’ के माध्यम से ली जाएगी और पहली बार बच्चे ओएमआर शीट पर सवालों के जवाब देंगे। निपुण एसेसमेंट टेस्ट (NAT) का पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण आयोजन कराने के लिए सभी जनपदों के बीएसए व डायट प्राचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही शिक्षकों द्वारा सामुदायिक सहभागिता, होम विजिट के माध्यम से छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए भी कहा गया है।
एक ओएमआर शीट द्वारा एक छात्र का डाटा शिक्षक द्वारा आंकलन पूर्ण होने के बाद सरल एप के जरिए स्कैन किया जाएगा। ओएमआर शीट को केवल ब्लैक बॉल पेन से ही भरा जाएगा। इसके लिए कक्षा 4 से 8 के बच्चों को कम्पोजिट ग्राण्ट से अधिकतम 5 रुपए प्रति पेन क्रय करते हुए बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा।
