मुरादाबाद : (मानवीय सोच) बेटे से थाने में पूछताछ होती देख 55 वर्षीय पिता तस्लीम को हार्ट अटैक आ गया। उन्हें गंभीर हालत में मुरादाबाद ले जाया गया है। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से जिले के विभिन्न थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। नगर निवासी तस्लीम (55) का रिश्तेदार से विवाद चल रहा है।
इसे लेकर उसके रिश्तेदार ने उसके बेटे नदीम के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस उससे पूछताछ के लिए घर पहुंची। आरोप है कि टांडा पुलिस नदीम को अपने साथ कोतवाली ले गई और पूछताछ करने लगी। बेटे के पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर तस्लीम भी कोतवाली पहुंच गए।
जहां पर उन्होंने नदीम को हिरासत में देखा तो उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। इससे अफसरों के हाथ पांव फूल गए। तस्लीम को आनन-फानन पुलिस कर्मी और उनका बेटा नदीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
