जौनपुर : (मानवीय सोच) तरहठी किल्हापुर गांव स्थित ग्राम सचिवालय में प्रधान चंद्रेश गुप्ता और पूर्व डीजीपी जगमोहन यादव के बीच पैमाइश को लेकर विवाद हो गया। प्रधान ने पूर्व डीजीपी पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने और पिटाई का आरोप लगाया। मामले में प्रधान की तहरीर पर पूर्व डीजीपी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
गांव में सोमवार को पैमाइश के लिए तिथि निर्धारित की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजस्व कर्मी पैमाइश करने पहुंचे। ग्राम सचिवालय में प्रधान चंद्रेश गुप्ता बैठे हुए थे। चंद्रेश भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी हैं। इसी दौरान पूर्व डीजीपी जगमोहन यादव व उनके परिवार के लोग पहुंचे। दोनों पक्ष में बातचीत होने लगी। फिर पूर्व डीजीपी और प्रधान में कहासुनी हो गई। प्रधान को पूर्व डीजीपी ने बाहर निकल जाने के लिए कह दिया। प्रधान का आरोप है कि पूर्व डीजीपी ने उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। पिटाई भी की।
