उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) गौवंशीय पशुओं की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादकता में वृद्धि के लिए नन्द बाबा मिशन के तहत प्रदेश सरकार ने नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना का शासनादेश जारी कर दिया है। जिसका उद्द्येश प्रदेश में उच्च दुग्ध उत्पादन क्षमता के गौवंश में सुधार करने के साथ ही पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी होगी।
योजना के पहले चरण में सरकार लाभार्थी को 25 दुधारू गायों की 35 इकाइयां स्थापित करने के लिए गायों की खरीद से लेकर उनके संरक्षण एवं भरण पोषण जैसे मदों में सब्सिडी देगी। यह सब्सिडी तीन चरणों में दी जाएगी। वहीं, शुरुआती चरण में यह योजना प्रदेश के दस मंडल मुख्यालयों के शहरों अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, झांसी, मेरठ, आगरा और बरेली में संचालित की जाएगी।
दुग्ध आयुक्त और मिशन निदेशक शशि भूषण लाल सुशील ने बताया कि प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है जबकि प्रदेश में प्रति पशु दुग्ध उत्पादकता कम है। इसकी मुख्य वजह प्रदेश में उच्च गुणवत्तायुक्त दुधारू पशुओं की कमी होना है। इसी कमी को पूरा करने एवं उन्नत नस्ल के अधिक से अधिक दुधारू गौवंश की इकाइयों की स्थापना के लिए नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया गया है।
