लखनऊ : (मानवीय सोच) कांग्रेस ने नए अध्यक्ष की तैनाती के बाद पिछड़ों पर फोकस बढ़ाना शुरू कर दिया है। मंडल से लेकर जिला स्तर पर पिछड़ा वर्ग सम्मेलन शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इन सम्मेलनों में कांग्रेस को पिछड़ा वर्ग हितैषी साबित करने की रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां से पिछड़ों के लिए किए गए कार्यों की सूची मंगाई गई है। अभियान की जिम्मेदारी पिछड़ा वर्ग विभाग को सौंपी गई है।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि 12 मंडलों में सम्मेलन हो चुका है। 28 सितंबर को मेरठ और एक अक्तूबर को बरेली में मंडलीय सम्मेलन होगा। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यभार ग्रहण करने के बाद रणनीति बदली गई है। जहां मंडलीय सम्मेलन हो चुके हैं, वहां नए सिरे से जिला स्तरीय सम्मेलन शुरू होंगे।
