# मुजफ्फरपुर में नाव पलटने से नदी में 18 बच्चे लापता , जुटीं NDRF की टीमें

बिहार : (मानवीय सोच)  मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार (14 सितंबर) को बच्चों को स्कूल ले जा रही एक नाव नदी में पलट गई. जिसमें 18 बच्चे पानी में डूब गए. नाव में 34 बच्चे सवार थे. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर एनडीआरएफ टीम ने पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. मामले को लेकर अधिकारी अभी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे गायघाट थाना इलाके के बेनीबाद ओपी में बागमती नदी में ये हादसा हुआ है. भटगामा मधुरपट्टी के पीपल घाट से नाव बच्चों को लेकर जब स्कूल जा रही थी तभी ये हादसा हो गया. नाव में 34 बच्चे थे. जिसमें से 18 बच्चे लापता बताए जा रहे हैं. जिनकी तलाश एनडीआरएफ की टीम कर रही है.

हादसे का शिकार हुए कई बच्चों को बचा लिया गया है. वहीं अन्य बच्चों की तलाश गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम के अलावा पुलिस दल कर रहा है. घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है. वहीं अधिकारियों का कहना है कि नदी में पानी के तेज बहाव होने के चलते सर्च ऑपरेशन में परेशानी हो रही है.