गाजियाबाद : (मानवीय सोच) सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान और उनके करीबियों के ठिकानों पर 6 शहरों में इनकम टैक्स की रेड तीसरे दिन भी जारी है। कुछ जगहों से टीमों ने बैग भरकर डॉक्यूमेंट कब्जे में लिए हैं। रामपुर में आजम खान के घर के अंदर सुनार को बुलाना पड़ा, जो संभवत: ज्वेलरी का मूल्यांकन कर रहा है। सामान की लिस्ट तैयार करने के लिए प्रिंटर भी मंगाया गया है।
रामपुर में चल रही IT रेड का एक वीडियो भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट इस वीडियो में आजम खान नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बैठकर लिखा-पढ़त कर रहे हैं। इस वीडियो में आजम खान टहलते हुए नजर आए हैं। मगर ये वीडियो कब का है, IT डिपार्टमेंट के अफसर इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
इससे पहले, गुरुवार शाम आयकर विभाग के अपर निदेशक (जांच) ध्रुव कुमार भी आजम खान के घर पहुंचे। रेड के दौरान कहां से क्या-क्या मिला? इनकम टैक्स ने अधिकृत तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी है। मीडिया के सवालों पर ध्रुव कुमार ने सिर्फ इतना कहा कि जांच अभी जारी रहेगी। ये जांच कब तक चलेगी, अभी कुछ कह नहीं सकते हैं।
