अयोध्या : (मानवीय सोच) दो युवक बाइक पर पॉलीथिन में शव बांधकर ठिकाने लगाने जा रहे थे। मगर, ब्रेकर पर बाइक उछली और फिसलकर गिर गई। पॉलीथिन बाइक से नीचे गिर गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण दोनों को बचाने के लिए दौड़े।
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को उठाना चाहा, लेकिन इसी बीच शव का हाथ पॉलीथिन से बाहर निकला देख डर गए। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को शोर मचाकर बुला लिया। तभी बाइक सवार दोनों युवक गाड़ी और शव छोड़कर भाग गए। मामला खंडासा थाना क्षेत्र के आजादनगर घटौली चौराहे का है।
ग्रामीणों ने जब पॉलीथिन खोली, तो बिस्तर में लपेटा 35 साल के युवक का शव मिला। सूचना पर मिल्कीपुर सर्किल की पुलिस पहुंची। शव की पहचान रुदौली कोतवाली के परसौली गांव निवासी शाकिब के रूप में हुई है। बाइक मृतक शाकिब के ही नाम ही रजिस्टर्ड है। शाकिब झाड़-फूंक का काम करता था। उसके 3 भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि पत्नी कुछ समय पहले से गायब है।
