लखनऊ : (मानवीय सोच) अलीगंज का नया हनुमान मंदिर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थलों में से एक होगा। इसे मुख्यमंत्री की पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत विकसित किया जाएगा। इस पर स्वीकृति दे दी गई। प्रथम चरण में 191 लाख रुपये से इसके द्वार को भव्य बनाया जाएगा, जिस पर वैदिक कालीन झलक दिखेगी। नौवीं व दसवीं शताब्दी काल के हिंदू राजाओं के महलों की तर्ज पर झरोखे बनाए जाएंगे। दीवारों पर नक्काशी की जाएगी, जो मंदिर की भव्यता में चार चांद लगाएगी।
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन स्थल विकसित किए जाएंगे। पर्यटन विभाग में इसके लिए 68 प्रस्ताव आ चुके हैं। मंगलवार को लखनऊ की योजना को स्वीकृति दे दी गई। 50 फीसदी राशि राज्य सरकार और 50 प्रतिशत मंदिर ट्रस्ट खर्च करेगा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत जनप्रतिनिधि, संस्था व संगठन भी प्रस्ताव दे सकते हैं।
