# राम की पैड़ी की तर्ज पर बनेगी चार किलोमीटर लंबी नहर

अयोध्या : (मानवीय सोच) रामनगरी में 1893 एकड़ में प्रस्तावित नव्य अयोध्या रामायण की थीम पर विकसित होगी। यह आधुनिकता के साथ रामायण कालीन दृश्यों से सुसज्जित होगी। यहां राम की पैड़ी की तर्ज पर एक छोटी नहर भी विकसित की जाएगी, जिसमें सरयू का पानी प्रवाहित होगा। ताकि यहां भी पर्यटक स्नान कर सकेंगे। इस नहर का डिजाइन तैयार करने का जिम्मा आईआईटी रुड़की को सौंपा गया है। आईआईटी रुड़की ने राममंदिर के मास्टर प्लान में भी अपना योगदान दिया था।

आईआईटी रुड़की नव्य अयोध्या की महायोजना बनाएगी। वाल्मीकि रामायण की थीम पर आधुनिकता के समावेश के साथ विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना में जो निर्माण होंगे वे गुजरात के अहमदाबाद में बनी गिफ्ट सिटी के मानकों पर होंगे। योजना के तहत नव्य अयोध्या तक सरयू नदी का पानी लाया जाएगा। इसके लिए एक छोटी नहर राम की पैड़ी की तर्ज पर विकसित की जाएगी। यह नहर करीब चार किलोमीटर लंबी होगी। जो लोग सरयू स्नान के लिए नया घाट तक नहीं जा पाएंगे वे नव्य अयोध्या के इस नहर में डुबकी लगा सकेंगे।