लखनऊ : (मानवीय सोच) हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक, नार्थ सेंट्रल जोन (ऑपरेशंस एंड ड्रिस्ट्रीब्यूशन) अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ सीबीआई, लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया है। अनुराग श्रीवास्तव पर अप्रैल 2013 से अप्रैल 2017 की अवधि के दौरान लखनऊ में चीफ रीजनल मैनेजर के पद पर तैनात रहने के दौरान बेशुमार संपत्तियां अर्जित करने की शिकायत हुयी थी।
इस शिकायत की जांच एचपीसीएल, मुंबई के चीफ विजिलेंस ऑफिसर एके तिवारी ने की थी, जिसमें आरोप सही पाये गये थे। जिसके बाद सीबीआई से अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज करने की सिफारिश की गयी थी। विजिलेंस जांच में सामने आया था कि अनुराग श्रीवास्तव और उनके परिजनों के नाम पर 1,22,43,788 रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं, जो कि उनकी आय के समस्त वैध स्रोतों से 92.38 फीसद अधिक है। तत्पश्चात अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज करने की सीबीआई से सिफारिश कर दी गयी।
