उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) कानपुर में हाई ग्रेड फीवर, डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप चरम पर है. अस्पतालों में पूरे दिन मरीजों की लंबी कतार लग रही है. ऐसे हालात में मरीजों को इलाज भी मुश्किल से मिल पा रहा है. यह स्थिति शहर के 70 वार्डों में देखी जा रही है. बड़ी दिक्कत तो यह है कि इस हाई ग्रेड फीवर में रूमेटाइड गठिया जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं. मरीजों का प्लेटलेट्स डाउन जा रहा है. दूसरी ओर राजकीय अस्पताल में ना तो मरीजों को भर्ती करने के पर्याप्त बेड हैं और ना ही दवा है.
ऐसे हालात में मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शहर में इस बीमारी के प्रकोप को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने सरकार को घेरने की कोशिश की है. स्वास्थ्य व्यवस्था में खामियों को आड़े हाथ लेते हुए सपा की कानपुर नगर ईकाई ने आरोप लगाया कि दूषित पेयजल की सप्लाई की वजह से लोग टाइफाइड-पीलिया आदि की चपेट में आ रहे हैं. अस्पतालों में दवा व ग्लूकोज तक खत्म हो चुका है. शहर में गन्दगी व कूड़े का अंबार लगा है. इससे संचारी रोग को प्रश्रय मिल रहा रहा है.
