इजरायल : (मानवीय सोच) हालात देखते हुए वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत सरकार द्वारा ‘ऑपरेशन अजय’ की शुरूआत की गई है. इसी ऑपरेशन के तहत इजराइल से 212 भारतीय नागरिकों को लेकर पहली उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी. जहां केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने एयरपोर्ट पर नागरिकों का स्वागत किया. चार्टर विमान से भारत लाए गए यात्रियों के चेहरे पर वतन वापसी को लेकर खुशी देखी गई. अपनी सुरक्षित भारत वापसी पर उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताया.
इजराइल से ऑपरेशन अजय के तहत 212 भारतीय नागरिकों को लेकर आ रही पहली उड़ान में यात्रियों द्वारा ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए. केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्रशेखर ने कहा, “हमारी सरकार किसी भी भारतीय को कभी पीछे नहीं छोड़ेगी. हमारी सरकार, प्रधानमंत्री उनकी सुरक्षा के लिए, उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, विदेश मंत्रालय की टीम, एयर इंडिया की इस उड़ान के चालक दल के आभारी हैं जिन्होंने इसे संभव बनाया, हमारे बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ घर वापस लाया और उनके प्रियजनों के पास वापस पहुंचाया.”
