(मानवीय सोच) : इजरायल और हमास के बीच छिड़े युद्ध के बीच इजरायल में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए भारत ऑपरेशन अजय चला रहा है. जिसके तहत शनिवार देर रात को 235 भारतीय नागरिकों का दूसरा दल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा. जहां पर विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने भारतीयों का स्वागत किया. विदेश मंत्री ने कहा था कि भारत सरकार इजरायल में फंसे नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी नागरिक को कोई परेशानी नहीं होगी. उन्हें सुरक्षित और सकुशल वापस लाया जाएगा.
इजरायल से भारत वापस लौटे नागरिकों में दो नवजात समेत 235 लोग हैं. इन लोगों को सुरक्षित इजरायल से निकालकर भारत लाया गया है. इससे पहले भारतीय वायुसेना 212 लोगों को इजरायल से लेकर दिल्ली पहुंची थी. इस ऑपरेशन के जरिए उन लोगों को लाया जा रहा है, जो इजरायल से भारत आने के इच्छुक हैं. ऑपरेशन अजय का उद्देश्य इजरायल में फंसे भारतीयों को किसी भी हाल में सुरक्षित वापस लाना है. ऑपरेशन अजय का ऐलान विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को किया था.
