लखनऊ : (मानवीय सोच) हर साल दुनियाभर में आज यानी 20 अक्टूबर को वर्ल्ड ऑस्टियोपोरोसिस डे मनाया जाता है। ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी बीमारी है जिसमें हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। हल्की सी भी चोट लगने पर हड्डियां फैक्चर हो जाती हैं। महिलाओं में यह बीमारी अधिक होती है। विदेशी महिलाओं की अपेक्षा भारतीय महिलाओं में यह बीमारी अधिक होती है।
यह कहना है राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान स्थित एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के डॉ. सुशील गुप्ता का। उन्होंने वर्ल्ड ऑस्टियोपोरोसिस डे पर लोगों को जागरुक करने के लिए यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 20 प्रतिशत विदेशी महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी होती है, तो वहीं भारतीय महिलाओं में एक उम्र के बाद 40 फीसदी महिलाओं को ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ा जाता है और वह इस बीमारी की चपेट में आ जाती हैं।
डॉ.सुशील गुप्ता ने बताया कि भारतीय महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस की दिक्कत बहुत ज्यादा बच्चे पैदा करने की वजह से हो सकती है। बच्चों को लंबे समय तक दूध पिलाना, इसके अलावा सूरज की रोशनी में कम बैठना और पोषण की कमी भी इस बीमारी का एक वजह हो सकती है।
