मुरादाबाद : (मानवीय सोच) एक बार फिर डीएम मानवेंद्र सिंह के निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर की पोल खुल गई। प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर मुंडा में सवालों के जवाब छोड़िए कक्षा दो और तीन के बच्चे हिंदी नहीं पढ़ सके। इस स्कूल में 61 बच्चों पर मानक से अधिक सात शिक्षकों की तैनाती है।
पढ़ाई का स्तर ठीक नहीं मिलने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक सहित सात शिक्षकों के वेतन रोकने के आदेश दिए। डीएम मानवेंद्र सिंह अचानक प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर मुंडा में पहुंच गए। जहां प्रधानाध्यापक अपने कार्यालय की जगह अन्य कक्ष में कुर्सी लगाकर बैठे मिले। पूछने पर पता चला कि स्कूल में 61 बच्चे मौजूद हैं।
बच्चों को पढ़ाने के लिए सात शिक्षकों की तैनाती है, जो मानक से अधिक हैं। डीएम ने पढ़ाई की जांच करने के लिए कक्षा दो और तीन के बच्चों को किताब पढ़ने के लिए कहा, लेकिन बच्चे हिंदी भी नहीं पढ़ सके। डीएम ने इस मामले में शिक्षकों से कहा कि इस विद्यालय के पढ़ाई का स्तर ठीक नहीं है।
