अयोध्या : (मानवीय सोच) भव्य दीपोत्सव में 11 नवंबर को 24 लाख दीये सजाए जाएंगे। लगभग 25 हजार छात्र-छात्राएं व शिक्षक 24 लाख दीपों की लड़ियां सजाएंगे। इसमें डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कालेजों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक व स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य शामिल हैं। इस बार पहली बार इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल किए जाएंगे।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपों की लड़ियां सजाने व जलाने की जिम्मेदारी डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के हजारों छात्र इसमें शामिल होते हैं। पिछले वर्ष 21 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने दीपोत्सव को दिव्यता और भव्यता दी थी। यह संख्या इस बार 25 हजार होगी।
