लखनऊ : (मानवीय सोच) राजधानी स्थित एसजीपीजीआई की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर की सेवाएं समाप्त कर दी गई है। डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी पर यह कार्रवाई उनके लापरवाह रवैये के चलते की गई है।दरअसल शनिवार रात संजय गांधी पीजीआई के इमेरजैंसी मेडिसिन विभाग में गंभीर अवस्था में लाये गए भूतपूर्व सांसद के बेटे प्रकाश मिश्रा को त्वरित व शीघ्र प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण हुई मृत्यु के मामले में यह कार्यवाही हुई है।
इस मामले में एसजीपीजीआई प्रशासन ने जांच के लिए संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था। इस तीन सदस्यीय जांच समिति ने इस प्रकरण मे दो दिन कार्यवाही की। कमेटी ने गहन और विस्तृत जांच के उपरांत अपनी रिपोर्ट को संस्थान के निदेशक प्रो आर के धीमन के समक्ष सोमवार रात्रि 9.30 को प्रस्तुत किया। इस रिपोर्ट को उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया है। साथ ही इमर्जेंसी मेडिकल ऑफिसर डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी को संस्थान की सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया गया।
