अयोध्या : (मानवीय सोच) इनायत नगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सागरपट्टी पंधिला में बेटे ने अपने माता-पिता को फावड़े से काट डाला। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। करवाचौथ पर युवक के देर से घर पहुंचने पर बेटे और बहू में विवाद हो रहा था। जिस पर उसके माता-पिता ने लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया था।
बताया गया कि बुधवार की रात ग्राम सागर पट्टी पांडिला निवासी बालेंद्र तिवारी देर से अपने घर पहुंचा। उसकी पत्नी ने करवाचौथ का व्रत रखा था जब बालेंद्र घर पहुंचा तो पत्नी करवा चौथ का पूजन कर चुकी थी, जिसको देखकर पति बालेंद्र आग बबूला हो गया और पत्नी को पीटने लगा।
बहू और बेटे के बीच झगड़ा होते देख उसके पिता राजमार्ग तिवारी तथा माता सरोज देवी ने लड़ाई झगड़ा करने से मना किया। इसके बाद बालेंद्र अपना गुस्सा अपने माता-पिता पर उतरने लगा। हालांकि थोड़ी देर बाद बालेंद्र शांत हो गया और चला गया। इसके बाद माता-पिता घर के बाहर बने बरामदे में तख्त और चारपाई पर लेटे थे। करीब एक घंटे बाद रात 11:15 बजे बालेंद्र पहुंचा और अपने माता-पिता को फावड़े से काट डाला।
